एनबीएसटीसी बस स्टैंड परिसर में व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस
सिलीगुड़ी, 24 अगस्त (हि. स.)। उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) बस स्टैंड परिसर में एक व्यक्ति की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनु पाल के रूप में हुई है। वह फालाकाटा का निवासी बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनु पाल को सोमवार को बस स्टैंड परिसर में अचेत अवस्था में पड़ा देखा गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मनु पाल को सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मनु पाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच के तहत पुलिस बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

