home page

वैष्णवनगर में छह साल के बच्चे की संदिग्ध मौत, सौतेली मां पर हत्या का आरोप

 | 

मालदा, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र में छह साल के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थियों में मौत से शनिवार को इलाके में सनसनी फैल गई। घटना 18 माइल इलाके की है, मृत बच्चा स्थानीय स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। परिजनों ने बच्चे की सौतेली मां पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि लंबे समय से वह बच्चे के साथ शारीरिक अत्याचार कर रही थी। आरोप है कि शुक्रवार देर रात बच्चे को बेरहमी से पीटा गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता काम के सिलसिले में ओडिशा में रहते है। करीब छह साल पहले पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी। इसके बाद से बच्चा अपनी सौतेली मां के साथ किराए के घर में रह रहा था।स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि बच्चा पढ़ाई में अच्छा था। घटना से एक दिन पहले भी वह स्कूल में परीक्षा देने गया था और शाम को दोस्तों के साथ समय बिताकर घर लौटा था।शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने बच्चे को अचेत अवस्था में घर से बरामद कर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार