सरकारी बस की चपेट में आने से राहगीर की मौत, कई घायल
सिलीगुड़ी, 10 जुलाई (हि.स.)। बागडोगरा के बिहार मोड़ पर सड़क हादसे में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उत्तर बंग राज्य परिवहन निगम की एक बस इस्लामपुर से सिलीगुड़ी की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि बिहार मोड़ के पास पहुंचते ही बस में अचानक तेज आवाज आने लगी और यांत्रिक खराबी के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क पर इधर-उधर चलने लगी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान मोड़ लेते समय बस ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस उछलते हुए फ्लाईओवर के पिलर से जा टकराई। इस हादसे में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई।
बस में सवार कई यात्री भी घायल हुए हैं। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही बागडोगरा थाना पुलिस और ट्रैफिक गार्ड मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को थाने ले जाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद बस का चालक और खलासी मौके से फरार बताए जा रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

