इलाज में लापरवाही के आरोप, बच्ची की मौत को लेकर चांचल अस्पताल में हंगामा
मालदा, 11 अगस्त (हि. स.)। चांचल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आठ वर्षीय बच्ची की मौत के बाद मंगलवार को तनाव फैल गया। इलाज में लापरवाही और पर्याप्त चिकित्सा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मृत बच्ची के परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। मृत बच्ची की पहचान पूजा कुमारी (08) के रूप में हुई है। वह हरिश्चंद्रपुर-2 ब्लॉक के दौलतपुर इलाके की निवासी थी।
परिजनों के मुताबिक, पूजा पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थी। मंगलवार को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल चांचल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद शिशु विभाग के ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सौमेन साव ने बच्ची का उचित और पर्याप्त इलाज किए बिना उसे मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवार के अनुसार, बच्ची को एंबुलेंस में मालदा ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी अस्पताल परिसर में ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर फैलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान डॉक्टर और अस्पताल के सहायक अधीक्षक के साथ परिजनों की तीखी बहस भी हुई। सूचना पाकर चांचल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृत बच्ची के मामा प्रदीप रविदास ने आरोप लगाया कि वे बच्ची को इलाज के बाद स्वस्थ होने की उम्मीद में अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन उचित इलाज किए बिना उसे रेफर कर दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
हालांकि, डॉ. सौमेन साव ने इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही के आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी और बेहतर इलाज के लिए उसे मालदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

