सागरदिघी में फिर मिला मृत कछुआ, जलजीवों की सुरक्षा पर उठे सवाल
कूचबिहार, 06 अक्टूबर (हि. स.)। ऐतिहासिक सागरदिघी के पानी में मंगलवार एक कछुए का शव तैरता मिलने से इलाके में चिंता बढ़ गई। सुबह की सैर पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पानी में मृत कछुए को देखा। सूचना पाकर एक स्थानीय स्वयंसेवी संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे और कछुए के शव को पानी से बाहर निकाला।
सागरदिघी लंबे समय से कछुओं का प्रमुख आश्रयस्थल रहा है और यहां बड़ी संख्या में कछुए देखे जाते हैं। हालांकि, हाल के दिनों में लगातार कछुओं की मौत की घटनाओं से पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है।
बताया गया है कि कछुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सागरदिघी में आम लोगों के स्नान और कपड़े धोने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर सागरदिघी के पानी में स्नान और कपड़े धो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ जलीय जीवों के जीवन पर भी खतरा बढ़ रहा है। ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सागरदिघी के जलीय पर्यावरण और कछुओं समेत अन्य जलजीवों की सुरक्षा के लिए प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

