लालदिघी में बड़ी संख्या में मरी मिली मछलियां, जहरीले पदार्थ मिलाए जाने की आशंका
कूचबिहार, 09 अक्टूबर (हि. स.)। शहर में भवानीगंज बाजार के पास स्थित लालदिघी में बड़ी संख्या में मछलियों की रहस्यमय मौत से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां पानी में मिली है।
मृत मछलियों में रोहू, कतला और सिल्वर कार्प जैसी बड़ी मछलियां शामिल है। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। कुछ लोगों ने तालाब के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाने की आशंका जताई है, हालांकि मछलियों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले तालाब को लीज पर देकर नियमित देखभाल की जाती थी। हालांकि, वर्तमान में इसके रखरखाव की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
कुछ लोगों का मानना है कि तालाब में जमा गंदगी और कचरे के कारण पानी प्रदूषित हुआ होगा, जिससे मछलियों की मौत हुई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मछलियों की मौत पानी में प्रदूषण, ऑक्सीजन की कमी या किसी अन्य कारण से हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

