home page

मैथन जलाशय में नहाने के दौरान आसनसोल का छात्र लापता, तलाश जारी

 | 
मैथन जलाशय में नहाने के दौरान आसनसोल का छात्र लापता, तलाश जारी


मैथन जलाशय में नहाने के दौरान आसनसोल का छात्र लापता, तलाश जारी


पश्चिम बर्दवान, 25 जून (हि. स.)। आसनसोल से घूमने आए एक छात्र प्रिंस नुनिया के मैथन जलाशय में लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार दोपहर हुई इस घटना के बाद देर रात तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस स्थानीय नाव चालकों की मदद से लगातार तलाश अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार, छात्रों ने बताया है कि घटना सुबह लगभग 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच हुई। काफी समय बीतने के कारण छात्र की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

लापता छात्र की पहचान प्रिंस नुनिया के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद अन्य छात्रों के नाम आदित्य राय, ऋषि राय वर्मा, रित बर्मन, आयान प्रसाद, नरेंद्र वाल्मीकि और तनमय शर्मा बताए गए हैं।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे आसनसोल के एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय डीएवी पब्लिक स्कूल के सात छात्र मैथन पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि सभी छात्र आसनसोल से ऑटो लेकर डैम क्षेत्र पहुंचे और वहां से पैदल फायरिंग रेंज इलाके की ओर गए। इसके बाद सभी छात्र जलाशय में नहाने के लिए उतरे।

इसी दौरान एक छात्र अचानक लापता हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र के पानी में नहीं मिलने पर उसके साथ मौजूद अन्य छात्र वहां से निकल गए। आरोप है कि उन्होंने लापता छात्र का स्कूल बैग भी पास के झाड़ियों में फेंक दिया और डर के कारण घर पर भी घटना की जानकारी नहीं दी।

जब देर शाम तक छात्र घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और अन्य अभिभावकों से संपर्क करने पर छात्रों के मैथन जाने की जानकारी मिली। इसके बाद आसनसोल उत्तर थाना पुलिस को सूचना दी गई, जहां से मामले की जानकारी कल्याणेश्वरी पुलिस चौकी को दी गई।

पुलिस तत्परता दिखाते हुए छात्र समूह में शामिल दो छात्रों को साथ लेकर मैथन जलाशय पहुंची और घटनास्थल की पहचान की। इसके बाद स्थानीय नाव चालकों की मदद से बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

स्कूल सूत्रों के अनुसार विद्यालय में दोपहर 1:10 बजे छुट्टी होती है और एक बार स्कूल में प्रवेश करने के बाद पहले निकलना आसान नहीं होता। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि कक्षा 10 के ये छात्र उस दिन वास्तव में स्कूल गए थे या नहीं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि छात्र स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचे।

पुलिस ने जलाशय के किनारे झाड़ियों से लापता छात्र का स्कूल बैग बरामद कर लिया है और छात्र की तलाश के लिए अभियान जारी है। गुरुवार सुबह भी लापता छात्र प्रिंस की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा