दासपुर में फंदे से लटका मिला टोटो चालक का शव
दासपुर, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के सातपोता गांव में एक टोटो चालक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सूरज पाल (22) के रूप में हुई है। वह पेशे से टोटो चालक था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात सूरज ने अपनी पत्नी फाल्गुनी पाल के साथ भोजन किया था। इसके बाद वह सोने के लिए दूसरे कमरे में चला गया।
गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसके पिता पंचानन पाल और पत्नी ने उसे आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर उन्होंने सूरज को फंदे से लटका पाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सूरज अपने पीछे पत्नी और करीब दो वर्ष की एक पुत्री छोड़ गया है। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर दासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

