दार्जिलिंग चिड़ियाघर में तीन हिमालयन गोरल शावकों का जन्म
सिलीगुड़ी, 11 अक्टूबर(हि. स)। दुर्गापूजा के मौसम में दार्जिलिंग स्थित पद्मजा नायडू हिमालयन जूलॉजिकल पार्क में तीन हिमालयन गोरल शावकों का जन्म हुआ है। चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले जन्मे तीनों शावकों को फिलहाल उनकी मां के साथ रखा गया है। वनकर्मी उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
स्नो लेपर्ड और रेड पांडा के सफल प्रजनन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध इस चिड़ियाघर में नए शावकों के जन्म से प्रबंधन उत्साहित है। इनके जन्म के बाद चिड़ियाघर में हिमालयन गोरल की संख्या बढ़कर करीब 25 हो गई है। इसके अलावा लाल जंगली मुर्गे और कालीज तीतर समेत कई पक्षियों का भी जन्म हुआ है।
दरअसल, विश्व प्रवासी पक्षी दिवस के अवसर पर शनिवार से चिड़ियाघर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसका रविवार को समापन हुआ। इस दौरान पक्षियों के संरक्षण और प्रवासी पक्षियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक बोर्ड लगाया गया, जिस पर पर्यटक अपने विचार साझा कर सकते हैं।
चिड़ियाघर के रिकॉर्ड के अनुसार, इस दो दिनों में रविवार तक करीब 20 हजार पर्यटक यहां पहुंचे, जिनमें लगभग 50 विदेशी नागरिक शामिल थे। दुर्गापूजा की छुट्टियों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। प्रबंधन के अनुसार, दुर्लभ वन्यजीवों के सफल प्रजनन और देखभाल के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

