दार्जिलिंग के सिनकोना क्षेत्र में विविधीकरण पहल का मंत्री अर्जुन सिंह ने किया निरीक्षण
दार्जिलिंग, 03 अगस्त (हि. स.)। श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने सोमवार को सिनकोना निदेशालय द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न विविधीकरण परियोजनाओं का दौरा किया गया। इस दौरान हर्बल हेवन और सिनकोना नर्सरी का निरीक्षण किया गया, जहां संतरा ग्राफ्टिंग तकनीक और स्ट्रॉबेरी पौधों की नर्सरी को भी देखा गया। उनके साथ दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट थे।
दार्जिलिंग पहाड़ों के ये ऐतिहासिक सिनकोना प्लांटेशन, जो कभी केवल कुनैन उत्पादन तक सीमित थे, अब धीरे-धीरे औषधीय पौधों, उच्च मूल्य के फूलों और बागवानी के एक विकसित केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।
मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि संतरा, स्ट्रॉबेरी, ऑर्किड, कीवी जैसे उच्च मूल्य फसलों और आधुनिक नर्सरी तकनीकों को अपनाकर सिनकोना निदेशालय स्थानीय श्रमिकों के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा कर रहा है। साथ ही अपनी समृद्ध औषधीय विरासत को भी संरक्षित कर रहा है।
इस बदलाव से क्षेत्र में सतत विकास, बेहतर आजीविका और भारत के वेलनेस व कृषि क्षेत्र में दार्जिलिंग की मजबूत भूमिका सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

