दांतन में गृहवधू की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
मेदिनीपुर, 05 फरवरी (हि. स.)। दांतन थाना क्षेत्र के सिंगदा गांव में एक गृहवधू की संदिग्ध मौत को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महिला को पहले ज़हर खिलाया गया और बाद में घर के अंदर फांसी लगाकर उसकी हत्या की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की पहचान गीता भुइयां (38) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार दोपहर से ही घर का दरवाज़ा बंद था। लंबे समय तक कोई हलचल न होने पर गुरुवार सुबह दांतन थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाज़ा खोलकर घर के भीतर प्रवेश किया, जहां एक कमरे में गीता भुइयां का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

