सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ा, नया बेलमूला पुल जलमग्न
मेदिनीपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से सोमवार को बेलमूला जाने के लिए निर्मित नया पुल जलमग्न हो गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही पुल से लगे ग्रामीण मार्ग पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। इसके कारण बेलमूला गांव के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामवासियों ने बताया, सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके कारण नए पुल का एक हिस्सा पानी में डूब गया है। वहीं, पुल से सटे ग्रामीण मार्ग पर भी नदी का पानी फैल गया है। वर्तमान में स्थानीय लोगों को इसी मार्ग से घुटने तक पानी में होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
जलमग्न सड़क के कारण क्षेत्र की सामान्य संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है। आवश्यक कार्यों के लिए भी ग्रामीणों को पानी पार करके आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्थिति सामान्य होने तक स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

