पश्चिम और पूर्व मेदिनीपुर में सड़क हादसे, दो की मौत
मेदिनीपुर, 26 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में मालवाहक लॉरी के चालक की मृत्यु हो गई। दुर्घटना उस समय हुई, जब तेज गति से जा रही लॉरी सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पीछे जा टकराई। मृतक की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गड़बेता निवासी सबुज मल्लिक (32) के रूप में हुई है। दुर्घटना में लॉरी का खलासी बाल-बाल बच गया।
पुलिस के अनुसार, माल से लदी लॉरी बेलदा की ओर से ओडिशा जा रही थी। दांतन के घोलाई मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे लॉरी सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि लॉरी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पाकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और दांतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लंबे बचाव अभियान के बाद चालक को केबिन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लॉरी और कंटेनर को कब्जे में लेकर मार्ग सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी-दीघा 116 (बी) राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात हुई सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, तुफान हॉल क्षेत्र के निकट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। एक युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायल को पहले कांथी महकमा अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक और घायल की पहचान की कोशिश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

