बारिश से मिट्टी का घर ढहा, पिता-पुत्री की मौत
मेदिनीपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन-दो प्रखंड के जाहालदा गांव में तेज बारिश के कारण मिट्टी का घर ढहने से पिता और पुत्री की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार देर रात की है।
स्थानीय निवासी रामकृष्ण ने हिन्दुस्थान समाचार को फोन पर बताया, जाहाला गांव निवासी निरंजन प्रधान अपने परिवार के सदस्यों के साथ रात में घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी के घर का एक हिस्सा ढह गया। घर के मलबे में परिवार के कई सदस्य दब गए।
पड़ोसियों की तत्परता से परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन निरंजन प्रधान और उनकी पुत्री दुर्गा प्रधान मलबे में फंसे रह गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को मलबे से बाहर निकालकर एगरा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद निरंजन प्रधान और उनकी पुत्री दुर्गा प्रधान को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद जाहाला गांव में शोक की लहर है। तेज बारिश के बीच हुए इस हादसे से इलाके में भय का माहौल भी बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

