125 दिन की परियोजना के काम को लेकर विवाद, भाजपा नेता घायल
मेदिनीपुर, 22 सितंबर (हि. स.)। 125 दिन की परियोजना के काम को लेकर विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट होने का मामला सामने आया है। घटना में एक भाजपा नेता के सिर में चोट लगी है। घायलों की ओर से दांतन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन थानांतर्गत बहलिया गांव की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले केशियाड़ी के विधायक भद्र हेम्ब्रम की मौजूदगी में इलाके में 125 दिन की परियोजना के काम का उद्घाटन किया गया था। इसके बाद से परियोजना का काम चल रहा था।
आरोप है कि मंगलवार को परियोजना के काम के दौरान मजदूरों और गांव के कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ भाजपा नेताओं पर हमला किया गया। मारपीट में एक भाजपा नेता के सिर में चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद घायलों की ओर से दांतन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक तनाव भी बना हुआ है।
हालांकि, हमले के आरोपों पर आरोपित पक्ष की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। पुलिस घटना के वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

