चुनाव 26 : अभिषेक की सभा में शामिल होने केलिए आठ किमी दौड़े तृणमूल प्रत्याशी रामजीवन मांडी
मेदिनीपुर, 25 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी रामजीवन मांडी ने बुधवार को अभिनव चुनाव प्रचार के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित किया। तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की सभा में शामिल होने के लिए मांडी ने करीब आठ किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय की।
जानकारी के अनुसार, मांडी ने दांतन के मनोहरपुर से दौड़ शुरू की और सभा स्थल दांतन घोलाई मोड़ तक लगातार दौड़ते हुए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में आम लोगों से मुलाकात कर जनसंपर्क भी किया। उनके इस अनोखे प्रचार अभियान को लेकर सुबह से ही इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रत्याशी के इस प्रयास को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इस तरह का सीधा संपर्क चुनावी माहौल में नई ऊर्जा भरता है। वहीं रामजीवन ने कहा कि, “मैं जनता से सीधा जुड़ने और उनकी समस्याएं समझने के लिए दौड़ते हुए सभा तक पहुंचा, यही मेरा असली प्रचार है।”
उल्लेखनीय है कि चुनावी सरगर्मी के बीच तृणमूल प्रत्याशी का यह दौड़ प्रचार क्षेत्र में खासा चर्चा का विषय बन गया है और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

