बाइक हादसे में युवक की मौत, एक घायल
मेदिनीपुर, 25 अगस्त (हि.स.)।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए मोटरसाइकिल हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दांतन-दो प्रखंड के साबड़ा निवासी गौरीशंकर बेरा के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गौरीशंकर सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे। दांतन में प्रवेश करने के दौरान अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से जा टकराई। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला। बताया गया कि गौरीशंकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलने पर दांतन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

