डानकुनी में दुर्गा प्रतिमा तोड़ने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
हुगली, 06 अक्टूबर (हि. स.)। डानकुनी के 10 नंबर वार्ड स्थित डानकुनी हाउसिंग सार्वजनिन पूजा समिति के पूजा मंडप में दुर्गा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के आरोप से इलाके में चहल-पहल बढ़ गई। मंगलवार सुबह प्रतिमा की स्थिति देखकर पूजा आयोजकों ने इसकी सूचना डानकुनी थाने की पुलिस को दी।
घटना की सूचना पाकर चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी श्रीरामपुर अर्णब विश्वास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल की तस्वीरें भी ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूजा आयोजकों का आरोप है कि प्रतिमा को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। आयोजकों के अनुसार, सोमवार देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने दुर्गा प्रतिमा की एक हाथ, देवी लक्ष्मी की एक हाथ और भगवान गणेश की एक हाथ को तोड़ने की कोशिश की।
मंगलवार सुबह घटना सामने आने के बाद पूजा समिति की ओर से पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिमा को किस तरह नुकसान पहुंचा और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

