home page

लापता निशानेबाज दमयंती सेन सकुशल बरामद, तनाव के चलते घर छोड़ने की बात कही

 | 
लापता निशानेबाज दमयंती सेन सकुशल बरामद, तनाव के चलते घर छोड़ने की बात कही


हावड़ा, 18 जुलाई (हि.स.)। हावड़ा से लापता हुई 15 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की राइफल निशानेबाज दमयंती सेन शनिवार तड़के सकुशल बरामद कर ली गई हैं। हावड़ा सिटी पुलिस ने बताया कि दमयंती को आज सुबह हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट इलाके से खोज निकाला गया। फिलहाल वह हावड़ा थाने की देखरेख में हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

दमयंती सेन, ध्रुवज्योति सेन की पुत्री हैं और हावड़ा के उमाचरण भट्टाचार्य लेन की निवासी हैं। वह दो दिन पहले सुबह अपने घर से निकली थीं, जिसके बाद उनके परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज में उन्हें हावड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था, जिसके बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर उनकी तलाश शुरू की थी। मामला इसलिए भी चर्चा में आया क्योंकि दमयंती हाल ही में राष्ट्रीय टीम के ट्रायल के लिए चयनित हुई थीं।

हावड़ा सिटी पुलिस की ओर से शनिवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दमयंती ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया है कि खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाए रखने के कारण वह अत्यधिक मानसिक तनाव में थीं। इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ दिया और इस दौरान विभिन्न स्थानों पर घूमती रहीं। बाद में वह अपने गृह नगर हावड़ा लौट आईं, जहां रामकृष्णपुर घाट क्षेत्र से उन्हें बरामद किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दमयंती द्वारा दिए गए बयान का अभी सत्यापन किया जाना बाकी है। इसलिए जांच जारी रहेगी और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही मामले पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल किशोरी सुरक्षित है और हावड़ा पुलिस की अभिरक्षा में रहकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर