home page

दामोदर नदी पर पक्का पुल नहीं बनने से लोगों में निराशा

 | 
दामोदर नदी पर पक्का पुल नहीं बनने से लोगों में निराशा


पश्चिम बर्दवान, 24 जून (हि. स.)। दामोदर नदी पर लंबे समय से प्रस्तावित पक्का पुल निर्माण की मांग को लेकर बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ईश्वरदा फेरी घाट पर दामोदर बिहारीनाथ सेतु बंधन समिति की ओर से पत्रकार सम्मलेन किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने पुल निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सामने रखा और आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

पत्रकारों से बात करते हुए समिति पदाधिकारी ने कहा गया कि 22 जून 2026 को पेश राज्य बजट में दामोदर नदी पर प्रस्तावित पक्का पुल का कोई उल्लेख नहीं होने से आम लोगों निराशा का माहौल है और सोशल मीडिया इस मुद्दे को लेकर जमकर चर्चा हो रही है। चारों तरफ निराशा का माहौल बना है। हालांकि समिति ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा जताया कि इस परियोजना को लेकर सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।

समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक पुल का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा।

समिति की ओर से यह भी बताया गया कि चुनाव से पहले और बाद में शालतोड़ा की विधायक चंदना बाउरी तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दामोदर नदी पर पक्का पुल निर्माण की मांग को विधानसभा के भीतर और बाहर कई बार उठाया है।

यह भी कहा गया कि मुख्यमंत्री ने शालतोड़ा की एक जनसभा में इस पुल के निर्माण का आश्वासन दिया था। इसी आधार पर समिति ने उम्मीद जताई कि इस संबंध में सकारात्मक खबर मिल सकती है। चंदन मिश्रा ने बताया कि दामोदर नदी के दोनों किनारों तक सरकारी सड़क की सुविधा उपलब्ध है, जिससे पुल निर्माण के लिए आधारभूत संरचना मौजूद है। समिति ने दावा किया कि पुल निर्माण को लेकर सर्वेक्षण का कार्य भी पूरा हो चुका है।

समिति के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि सेल–आईएसपी, बर्नपुर प्रबंधन की ओर से पुल निर्माण के लिए वित्तीय सहयोग दिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही समिति ने कहा कि दामोदर नदी पर पक्का पुल निर्माण के मुद्दे पर वह हमेशा सरकार के साथ रही है और आगे भी सहयोग करती रहेगी।

इस पत्रकार सम्मलेन में दामोदर बिहारीनाथ सेतु बंधन समिति के महासचिव चंदन मिश्रा, संयोजक अरूप माझी, सदस्य पंकज दास, गौतम सरकार तथा राजेश मंडल उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा