डामडिम ग्राम पंचायत में भाजपा ने किया बोर्ड का गठन, प्रधान पद नहीं मिलने पर उपप्रधान पद की उम्मीदवार फूट-फूटकर रोई
जलपाईगुड़ी, 13 नवंबर (हि. स.)। जिले के माल ब्लॉक अंतर्गत डामडिम ग्राम पंचायत में लंबे राजनीतिक खींचतान के बाद आखिरकार शुक्रवार को भाजपा ने बोर्ड का गठन कर लिया। पंचायत में विजय तिर्की उरांव को प्रधान और संजना टोप्पो को उपप्रधान पद के लिए मनोनीत किया गया है। हालांकि, उपप्रधान पद के लिए नाम की घोषणा होते ही संजना टोप्पो सार्वजनिक रूप से फूट-फूटकर रोने लगी।
संजना टोप्पो का आरोप है कि अक्टूबर महीने में प्रधान और उपप्रधान के चुनाव को लेकर हुई वोटिंग में उन्हें अधिकांश सदस्यों का समर्थन मिला था। इसके बावजूद पार्टी के अंदरूनी षड्यंत्र के कारण उन्हें प्रधान की जिम्मेदारी नहीं दी गई। हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
भाजपा के जलपाईगुड़ी जिला सचिव राकेश नंदी ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के अनुसार ही यह निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को 30 सीटों वाली डामडिम ग्राम पंचायत में 25 सदस्यों की मौजूदगी में बोर्ड गठन की प्रक्रिया पूरी हुई। हालांकि, बोर्ड गठन के दौरान पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने से स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
इस संबंध में विधायक शुक्रा मुंडा ने कहा कि आपसी नाराजगी और भावनाओं को किनारे रखकर सभी को पंचायत की नागरिक सेवाएं सामान्य बनाए रखने और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

