home page

दमदम पार्क के नामी रेस्तरां में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, फ्रिज से सड़ा मांस रखने का आरोप

 | 

कोलकाता, 05 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में होटल-रेस्तरां के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान लगातार अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को दमदम पार्क स्थित बिरयानी के लिए प्रसिद्ध एक नामी रेस्तरां में संयुक्त अभियान के दौरान फ्रिज से कथित तौर पर सड़ा हुआ मांस बरामद किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग, दक्षिण दमदम नगरपालिका और नागेरबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्तरां में अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न मसालों में कृत्रिम रंग की मौजूदगी भी पाई गई।

अधिकारियों ने रेस्तरां की रसोई की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। आरोप है कि खाना बेहद अस्वच्छ वातावरण में तैयार किया जा रहा था। यहां तक कि जहां बर्तन धोए जा रहे थे, उसके ठीक बगल में ही भोजन तैयार किए जाने की बात सामने आई।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने रेस्तरां से विभिन्न खाद्य पदार्थों और मसालों के नमूने भी एकत्र किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा अन्य अनियमितताओं को लेकर और जानकारी सामने आने की संभावना है।

घटना के बाद रेस्तरां प्रबंधन पर खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़े कई आरोप लगे हैं। हालांकि, बरामद सामग्री और खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा कृत्रिम रंग के इस्तेमाल को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय