दादनपात्रबाड़ में गहरे समुद्री बंदरगाह निर्माण प्रक्रिया शुरू, रोजगार की उम्मीद
पूर्व मेदिनीपुर, 10 जुलाई (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के मंदारमणि स्थित दादनपात्रबाड़ में गहरे समुद्री बंदरगाह के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रशासन ने बंदरगाह निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान कर संबंधित प्रतिवेदन राज्य सरकार को भेज दिया है। अब राज्य सरकार के अगले निर्देश के अनुसार परियोजना की आगे की कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने शुक्रवार को बताया कि राज्य सरकार की घोषणा के अनुरूप दादनपात्रबाड़ में गहरे समुद्री बंदरगाह की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि की खोज की गई है। इस संबंध में तैयार प्रतिवेदन संबंधित विभाग को भेज दिया गया है तथा आगे प्राप्त निर्देशों के अनुसार कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के कार्यकाल में ताजपुर में गहरे समुद्री बंदरगाह निर्माण की योजना बनाई गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से परियोजना साकार नहीं हो सकी। एक समय उद्योग समूह आदानी भी इस परियोजना से जुड़ा था, किंतु बाद में उसने स्वयं को अलग कर लिया। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद वर्तमान सरकार ने दादनपात्रबाड़ को बंदरगाह निर्माण के लिए अधिक उपयुक्त स्थान बताया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी कई अवसरों पर दादनपात्रबाड़ में आधुनिक गहरे समुद्री बंदरगाह स्थापित करने की योजना की घोषणा की है। राज्य के बजट में भी इस परियोजना का उल्लेख किया गया, जिसके बाद इसकी प्रक्रिया में तेजी आई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दादनपात्रबाड़ क्षेत्र के अधिकांश निवासी कृषि तथा सूखी मछली उत्पादन पर निर्भर हैं। स्थानीय लोगों ने बंदरगाह निर्माण का स्वागत करते हुए कहा है कि उन्हें भूमि देने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन परियोजना में स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए जाने चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

