home page

आंधी-बारिश से नीम का पेड़ टूटा, बेलदा-एगरा राज्य सड़क अवरुद्ध

 | 
आंधी-बारिश से नीम का पेड़ टूटा, बेलदा-एगरा राज्य सड़क अवरुद्ध


मेदिनीपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान ‘आकवान’ के प्रभाव से गुरुवार सुबह पश्चिम मेदिनीपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई। इस दौरान तेज हवा के कारण बेलदा थाना क्षेत्र के अर्जुनी में सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा नीम का पेड़ टूटकर बेलदा-एगरा राज्य सड़क पर गिर पड़ा। इससे सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह हल्की बारिश के साथ अचानक तेज हवा चलने से नीम का पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। इसके कारण बेलदा से एगरा और एगरा से बेलदा की ओर जाने वाले कई वाहन रास्ते में फंस गए। कुछ समय तक दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का काम शुरू किया। उनके प्रयास से जल्द ही पेड़ को हटाया गया और सड़क पर यातायात फिर से सामान्य हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नीम के पेड़ का एक हिस्सा पहले से ही क्षतिग्रस्त था। इसी कारण तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता