चक्रवात ‘आकवान’ से बढ़ेगी बारिश, कोलकाता में नगर निगम ने बढ़ाई सतर्कता
कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। चक्रवाती तूफान ‘आकवान’ के प्रभाव से कोलकाता में बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार सुबह से ही शहर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कभी हल्की तो कभी तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम की स्थिति को देखते हुए कोलकाता नगर निगम ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के पुरी के करीब पहुंचने के साथ ही दक्षिण बंगाल में मौसम और खराब हो सकता है। गुरुवार सुबह से कोलकाता में बारिश हो रही है। इससे शहर के कई इलाकों में जलजमाव की आशंका जताई गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और हालात पर नजर रखने के लिए नगर निगम में नियंत्रण कक्ष शुरू किया गया है।
सड़कों, जल निकासी, सफाई और बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए बुधवार को नगर निगम में विशेष बैठक हुई। निगम की ओर से निर्देश दिया गया है कि कोलकाता के जिन इलाकों में जलजमाव की आशंका है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की जाए। आवश्यकता पड़ने पर मैनहोल खोलने के भी निर्देश दिए गए हैं। जल निकासी विभाग के कर्मचारियों को मौके पर उपस्थित रहने को कहा गया है। साथ ही नालियों में कचरा जमा होकर जल निकासी बाधित न हो, इसके लिए सफाई कर्मचारियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
जलजमाव के दौरान बिजली का करंट लगने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी भी शहर की सड़कों पर निगरानी रखेंगे। बताया गया है कि नगर निगम के जल निकासी विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा शहर की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखने के लिए नगर निगम में नियंत्रण कक्ष खोला गया है।
शहर के भवानीपुर, शेक्सपियर सरणी, कैमक स्ट्रीट, पार्क स्ट्रीट और डलहौजी के आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इन क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या को देखते हुए निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए ‘जेड सक्शन’ वाहनों को तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता के साथ हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बताया गया है कि शनिवार तक कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

