अकवान के प्रभाव से खेतों में बर्बाद हो रही धान की पकी फसल, किसानों पर संकट
मेदिनीपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से पश्चिम मेदिनीपुर जिले के किसानों पर संकट गहरा गया है। लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण खेतों में तैयार धान की फसल बर्बाद हो रही है। दांतन, नारायणगढ़, केशियाड़ी, खड़गपुर ग्रामीण, कलाईकुंडा के ग्रामीण इलाके, गोकुलपुर, डेबरा और दासपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खेतों में पड़ी पकी धान की फसल को लेकर किसान चिंतित हैं। उन्हें भारी नुकसान की आशंका सता रही है।
जानकारी के अनुसार, लगातार निम्न दबाव और चक्रवाती तूफानों के प्रभाव से जिले में कृषि कार्य पहले से ही प्रभावित हो रहा है। इस बार धान की कटाई के बाद उसे घर ले जाने की तैयारी कर रहे किसानों को प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में पड़ी सुनहरी फसल बारिश और खराब मौसम की भेंट चढ़ रही है। दांतन और नारायणगढ़ के विस्तृत कृषि क्षेत्रों के साथ ही बेलदा, केशियाड़ी, खड़गपुर ग्रामीण, कलाईकुंडा ग्रामीण क्षेत्र, गोकुलपुर, डेबरा और दासपुर के किसानों के सामने भी फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
स्थानीय कृषक गणेश घोष ने बताया कि चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। किसानों ने पूरे साल मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की थी। अब जब धान काटकर घर ले जाने का समय आया है, तब प्रतिकूल मौसम उनकी मेहनत पर पानी फेर रहा है।
वहीं गोकुलपुर निवासी कृषक शंकर घोष ने कहा कि पूरे साल की मेहनत से तैयार हुई फसल को घर पहुंचाने से पहले ही प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में पड़ी पकी धान की फसल के खराब होने से उनकी लागत डूबने और आर्थिक नुकसान होने का खतरा पैदा हो गया है। शंकर देहाड़ी मजदूरी करते हैं।
मौसम की स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो किसानों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बारिश के बीच खेतों में पड़ी तैयार फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित घर पहुंचाने की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

