ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
जलपाईगुड़ी, 06 नवंबर (हि.स.)। शहर में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा दिनबाजार पुरानी मस्जिद के पास हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृत व्यक्ति साइकिल से अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर शव पड़ा देख सुबह-सुबह स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दुर्घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक ट्रक को रोक लिया। आशंका जताई जा रही है कि इसी ट्रक की टक्कर से यह हादसा हुआ है। हालांकि, स्थिति को भांपते हुए ट्रक का चालक और खलासी मौका पाकर फरार हो हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है और फरार चालक तथा खलासी की तलाश में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

