home page

लोरी की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

 | 
लोरी की टक्कर से साइकिल सवार की मौत


बांकुड़ा, 23 मार्च (हि. स.)। जिले में सोमवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीराम ढ्यांग (38) के रूप में हुई है, जो मेजिया थाना क्षेत्र के रामकृष्णपुर गांव के निवासी थे। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, हादसा बांकुड़ा रानीगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 60 पर गंगाजलघाटी थाना क्षेत्र के पालेरबांध मोड़ के पास हुआ। श्रीराम दुर्लभपुर स्थित एक निजी कारखाने में कार्यरत थे और ड्यूटी समाप्त कर सोमवार सुबह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीमेंट से लदी एक तेज रफ्तार लॉरी ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब तक आरोपित वाहन को पकड़ने में विफलता रही है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर उनसे बातचीत नहीं करते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता