home page

नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक सीवी रमन की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

 | 
नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक सीवी रमन की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि


कोलकाता, 7 नवंबर (हि.स.)। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात भारतीय भौतिक विज्ञानी और भारत रत्न से विभूषित सर चंद्रशेखर वेंकटरमन (सीवी रमन) की जयंती पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार सुबह एक्स पर एक संदेश जारी कर महान वैज्ञानिक को नमन किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, ''नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात भौतिक विज्ञानी भारत रत्न सर सीवी रमन की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।''

उल्लेखनीय है कि सर सीवी रमन का जन्म सात नवंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुआ था। उन्होंने प्रकाश के प्रकीर्णन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध किया था। उनकी इस खोज को 'रमन प्रभाव' के नाम से जाना जाता है। इस महत्वपूर्ण वैज्ञानिक खोज के लिए उन्हें वर्ष 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था। वह विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले भारतीय वैज्ञानिक थे।

भारत सरकार ने वर्ष 1954 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था। इसके अलावा वर्ष 1957 में उन्हें लेनिन शांति पुरस्कार भी प्रदान किया गया था।

रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को भारत में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। सर सीवी रमन का निधन 21 नवंबर 1970 को बेंगलुरु में हुआ था। विज्ञान के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी देश और दुनिया के वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता