राशन में गड़बड़ी के आरोप में ग्राहकों का प्रदर्शन, दुकान में जड़ा ताला
कूचबिहार, 03 जुलाई (हि. स.)। राशन सामग्री कम तौलने के आरोप को लेकर शुक्रवार दोपहर जिले के फालाकाटा के बंशिधरपुर गांव में भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। फालाकाटा दो ग्राम पंचायत क्षेत्र के एक राशन दुकान के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें थी, आज खुलकर सामने आने पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे।
जानकारी के अनुसार, राशन लेने पहुंचे ग्राहकों ने देखा कि चावल और गेहूं के वजन में भारी गड़बड़ी है। एक ग्राहक ने 21 किलो गेहूं लेने के बाद बाहर तौल कर देखा तो वह मात्र 18 किलो निकला। वहीं 14 किलो चावल की जगह सिर्फ 12 किलो ही दिया गया। इसी तरह लगभग सभी ग्राहकों के साथ कम तौलने की बात सामने आई।
इसके बाद नाराज ग्राहकों ने बाहर से वजन मशीन लाकर दुकान की मशीन से मिलान किया, जिसमें बड़ा अंतर पाया गया। घटना से गुस्साए लोगों ने राशन दुकान के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और दुकान में ताला लगा दिया।
सूचना पाकर फालाकाटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में भी वजन में अंतर साफ दिखाई दिया। इस मामले में दुकान के दो कर्मचारियों अभिजीत सरकार और निताई विश्वास को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने ले गई।
दुकान के कर्मचारी निताई विश्वास का कहना है कि मशीन में तकनीकी खराबी हो सकती है। पहले कभी ऐसी शिकायत नहीं आई है। वहीं, राशन डीलर सुबल मंडल और आभा मंडल इस मुद्दे पर कोई सफाई नहीं दी है।
फालाकाटा ब्लॉक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से बताया गया है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर जांच शुरू की जाएगी। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

