मतदान ड्यूटी पर आए केंद्रीय बल के जवान ने की आत्महत्या की कोशिश
मुर्शिदाबाद, 20 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के एक जवान ने आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र के शक्तिपुर थाना इलाके में यह घटना हुई।
जानकारी के मुताबिक, बाजारसौ उच्च माध्यमिक हाईस्कूल में केंद्रीय बल का शिविर बनाया गया है। वहीं तैनात सीआरपीएफ की 142वीं बटालियन के एक हेड कांस्टेबल ने आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि उक्त जवान दक्षिण भारत का निवासी है और करीब एक महीने पहले असम में चुनाव ड्यूटी पूरी कर यहां आया था।
सूत्रों के अनुसार, जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली उसके बाएं कंधे को आर-पार कर गई। घटना के बाद उसे तुरंत इलाज के लिए बहरमपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

