home page

सिलीगुड़ी में अवैध रूप से गोवंश की खाल व अवशेष जमा करने की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस पर हमला, छह गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, 26 नवंबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग मोड़ इलाके में मृत गायों की खाल और अवशेष अवैध रूप से जमा करने की शिकायत पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई है। बुधवार देर रात हुई इस झड़प में प्रधाननगर थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) गौतम मल्लिक सहित कुल चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस के वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद गुलफान उर्फ छोटन, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद सफीकुल उर्फ सफू, इरफान आलम, सफुकुल इस्लाम और मोहम्मद सफीरुल उर्फ मासू के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ पुलिस पर हमला करने और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को उन्हें पुलिस हिरासत में लेने के आवेदन के साथ सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

जानकारी के अनुसार, बजरंग दल की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि दार्जिलिंग मोड़ संलग्न एक गोदाम में लंबे समय से मृत गायों की खाल और अन्य अवशेष अवैध रूप से जमा किए जा रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर बुधवार रात सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधाननगर थाने की टीम बजरंग दल के कुछ सदस्यों के साथ मौके पर पहुंची। आरोप है कि वहां गोदाम की देखरेख करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों के एक वर्ग के साथ पुलिस की बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

पुलिस का दावा है कि उपद्रवियों ने उनके वाहन में तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। घायल पुलिसकर्मियों का सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दूसरी ओर, गोदाम पक्ष के लोगों ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस और बजरंग दल के सदस्य गेट तोड़कर अंदर घुसे थे और पहले उन्हीं की ओर से मारपीट शुरू की गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सिलीगुड़ी के एक हिंदू संगठन के नेता विक्रमादित्य मंडल ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, जहां मुख्यमंत्री स्वयं घोषणा कर रहे हैं कि गोमाता पर हाथ नहीं डाला जा सकता और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, वहां इन लोगों को ऐसा करने का दुस्साहस कहां से मिल रहा है? पुलिस पर हमला किया गया है। उन्होंने कहा, जिस प्रकार दुष्कर्म के मामलों में एनकाउंटर जैसी कार्रवाई की जा रही है, इनके खिलाफ भी वैसे ही सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। पश्चिम बंगाल में अब गोहत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार