बारासात के स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, 15 लोग गिरफ्तार
उत्तरी 24 परगना, 15 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में एक स्पा की आड़ में चलाए जा रहे देश व्यापार के गोरख धंधे का स्थानीय पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना मिलने के बाद अशोकनगर थाने की पुलिस ने बारासात के एक आवासीय इलाके में स्थित स्पा पर छापा मारा और पुरुषों और महिलाओं सहित कुल 15 लोगों को हिरासत में लिया है। इस गिरोह को चलाने के आरोप में स्पा के मैनेजर इसराइल शेख को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा सरगना है या नहीं। हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों को अशोकनगर थाने की पुलिस ने बारासत थाने के हवाले कर दिया है।
बारासात के जेशोर रोड पर काजीपाड़ा इलाके में रीजेंट गार्मेंट नामक एक फैक्ट्री है। उसके आसपास विभिन्न दुकानें हैं। वहीं एक स्पा भी स्थित है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उस स्पा में महिलाओं और पुरुषों का आना-जाना लगा रहता था। वे कोई भी इस इलाके के नहीं थे।
हालांकि, स्थानीय लोगों के स्पा में प्रवेश पर प्रतिबंध था। कई बार स्थानीय लोगों को स्पा के सामने से ही वापस भेज दिया जाता था। इलाकावासियों का आरोप है कि इस स्पा की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार चल रहा था।
कुछ दिन पहले अशोकनगर थाने में एक व्यक्ति ने लिखित रूप में शिकायत दर्ज कराई। उस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। रविवार शाम अशोकनगर थाने के ओसी चिंतामणि नस्कर के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। छापेमारी की गई। कम से कम 15 महिलाओं और पुरुषों को रंगे हाथों पकड़ा गया। इस बारे में बारासात पुलिस जिले के अतिरिक्त एसपी दुर्बार बंद्योपाध्याय ने बताया, पूरे मामले की जांच की जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा सरगना तो नहीं है। मामले की गहन जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

