उत्तर 24 परगना में जब्त पटाखों के गोदाम में विस्फोट से दहशत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
कोलकाता, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के नीलगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर में मंगलवार सुबह पुलिस द्वारा जब्त कर गोदाम में रखे गए पटाखों और बारूद में अचानक आग लगने से जोरदार विस्फोट हो गया। लगातार हुए धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले नीलगंज पुलिस चौकी ने अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे और बारूद बरामद किए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब्त किए गए विस्फोटक नियमों के अनुसार नष्ट करने के बजाय एक गोदाम में रख दिए गए थे। इतना ही नहीं, गोदाम के बाहर एक ड्रम में भी बारूद रखा गया था।
मंगलवार सुबह अचानक गोदाम में आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक पटाखों में विस्फोट होने लगे। तेज धमाकों और घने धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया है कि जिस गोदाम में विस्फोट हुआ, उसकी दूसरी मंजिल पर एक परिवार रहता है। धमाकों की आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। लगातार हो रहे विस्फोटों से घबराकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर आ गए।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखने पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब्त विस्फोटकों का सुरक्षित निस्तारण किया जाना चाहिए था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

