home page

चुनाव आयोग की भूमिका पर माकपा का आक्रोश, मताधिकार छीनने का आरोप

 | 
चुनाव आयोग की भूमिका पर माकपा का आक्रोश, मताधिकार छीनने का आरोप


कोलकाता, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने चुनाव आयोग की भूमिका पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। शुक्रवार को कोलकाता के मुजफ्फर अहमद भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों मतदाताओं के नाम वोटर सूची से हटाकर निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव संभव नहीं है।

सलीम ने कहा, “हम मानते हैं कि बड़ी संख्या में लोगों को मताधिकार से वंचित रखकर कोई भी लोकतांत्रिक चुनाव नहीं हो सकता।” उन्होंने बताया कि पार्टी एआईआर (पूरक) मतदाता सूची के प्रकाशन का इंतजार कर रही थी, लेकिन अब भी कई लोगों के नाम सूची से गायब हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से ऐसी टिप्पणी सामने आई है कि मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लेने पर भी मताधिकार बना रहेगा, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। उनके अनुसार, मताधिकार एक संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे नागरिक स्वतंत्रता के बाद से प्राप्त करते आए हैं।

सलीम ने आरोप लगाया कि न्यायिक प्रक्रिया का इस्तेमाल कर मताधिकार को सीमित करने की कोशिश की जा रही है, जिससे लोकतंत्र का दायरा सिमट रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पहले ही मुख्य चुनाव अधिकारी के पास शिकायत दर्ज करा चुका है।

साथ ही, माकपा के महासचिव एम ए बेबी द्वारा चुनाव आयोग को पत्र लिखे जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय