बारुईपुर में माकपा को झटका, दो पंचायत प्रतिनिधि तृणमूल में शामिल
दक्षिण 24 परगना, 20 फरवरी (हि. स.)। बारुईपुर में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) को एक और झटका लगा है। इससे पहले डायमंड हार्बर में पार्टी के राज्य समिति सदस्य प्रतिकुर रहमान के इस्तीफे को लेकर विवाद का माहौल बना हुआ था, और अब बारुईपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में दो पंचायत सदस्य पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
बताया गया कि शामिल होने वालों में चम्पाहाटी पंचायत के उपप्रधान भी शामिल हैं। राज्य के मंत्री दिलीप मंडल ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया। इस मौके पर जादवपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद सायनी घोष और बारुईपुर पूर्व के विधायक बिभास सरदार भी मौजूद रहे।
तृणमूल में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों से जुड़ने के उद्देश्य से उन्होंने यह फैसला लिया।
बैठक में मंत्री दिलीप मंडल ने कहा कि बूथ, मोहल्ला, क्षेत्र और जिला परिषद स्तर पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा लोगों से संपर्क बढ़ाया जाएगा। सांसद सायनी घोष ने एसआईआर मुद्दे पर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव की घोषणा जब भी हो, तृणमूल कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।
बारुईपुर के फूलतला में आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा कर चुनाव से पहले संगठनात्मक रणनीति स्पष्ट की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

