सीपीएम के बुक स्टॉल में मार्क्सवादी साहित्य के साथ विवेकानंद
कोलकाता, 26 सितंबर (हि.स.)।
दुर्गापूजा के दौरान सीपीएम के बुक स्टॉल पर इस बार मार्क्सवादी और प्रगतिशील साहित्य के साथ स्वामी विवेकानंद, आदि शंकराचार्य और गौतम बुद्ध पर लिखी किताबें भी उपलब्ध रहेंगी। पार्टी के अधिकांश बुक स्टॉल का नाम ‘मार्क्सीय साहित्य पुस्तक बिक्री केंद्र’ या ‘प्रगतिशील साहित्य पुस्तक बिक्री केंद्र’ रखा जाएगा। बुक स्टॉलों पर विभिन्न मनीषियों और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र भी लगाए जाने की जानकारी है।
बताया जा रहा है कि शारदीय पुस्तक सूची में स्वामी विवेकानंद पर लिखी नई मुद्रित किताबें शामिल की गई हैं।
इसके अलावा आदि शंकराचार्य और गौतम बुद्ध पर लिखी किताबें भी स्टॉल पर रखी जाएंगी। गणशक्ति प्रिंटर्स में इन पुस्तकों की छपाई का काम जोर-शोर से चल रहा है। हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद पर लिखी किताबें पहले भी प्रकाशित की जाती रही हैं। इस बार मांग को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाई जा रही है।
सीपीएम नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी के बुक स्टॉल पर पहले से जिस तरह की किताबें रखी जाती रही हैं, इस बार भी उसी तरह की किताबें रहेंगी। राजनीतिक, सामाजिक और प्रगतिशील साहित्य के साथ विज्ञान से जुड़ी किताबें भी स्टॉल पर उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिना पूरी जानकारी के इस मुद्दे को लेकर तनाव पैदा कर रहे हैं।
सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि स्वामी विवेकानंद पर किताबें सीपीएम की ओर से पहले भी प्रकाशित की जाती रही हैं और इस बार यदि उनकी मांग अधिक है तो अधिक संख्या में किताबें छापी जाएंगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि स्वामी विवेकानंद के छोटे भाई भूपेंद्रनाथ दत्त एक समय गांव-गांव जाकर समाजवाद के सिद्धांतों का प्रचार करते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

