माकपा नेता ने तृणमूल और भाजपा पर बोला हमला
मालदा, 25 मार्च (हि. स.)। जिले के गाजोल में विधानसभा चुनाव 2026 से पहले सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। बुधवार को बारोकोना में आयोजित एक सभा में माकपा नेता शतरूप घोष तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीखा हमला बोला। यह सभा वामफ्रंट समर्थित उम्मीदवार क्षितिश चंद्र सरकार के समर्थन में आयोजित की गई थी।
सभा को संबोधित करते हुए शतरूप घोष ने कहा कि राज्य के लोगों को कभी लगा था कि भाजपा, तृणमूल का विकल्प बन सकती है, लेकिन यह धारणा गलत साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले 120 सालों में भी भाजपा, तृणमूल को नहीं हटा पाएगी। अब बंगाल की जनता समझ चुकी है कि असली विकल्प सिर्फ वाम गठबंधन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2016 में मालदा में तृणमूल के कमजोर रहने का फायदा भाजपा को मिला था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए घोष ने आरोप लगाया कि सरकार अल्पसंख्यकों के साथ “पीछे से वार” कर रही है और लोगों के रोजगार जैसे असली मुद्दों से ध्यान हटाकर धर्म की राजनीति की जा रही है। इस संदर्भ में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि चुनाव घोषित होने के बावजूद अवैध हथियारों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती नहीं दिख रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

