home page

माकपा ने कार्यकर्ताओं से की चुनाव के बाद संयम बरतने की अपील

 | 
माकपा ने कार्यकर्ताओं से की चुनाव के बाद संयम बरतने की अपील


कोलकाता, 04 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद किसी भी तरह की हिंसा न हो, इसके लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है।

माकपा के केंद्रीय समिति सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने सोमवार को कहा कि वोटर सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कारण कई लोगों के नाम सूची से हट गए थे, जिसके चलते वे मतदान नहीं कर सके। हालांकि जिन लोगों ने मतदान किया है, उन्होंने अपना जनादेश दे दिया है। किसी को यह फैसला पसंद हो या न हो, लेकिन लोकतंत्र में उसे स्वीकार करना ही होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले चुनावों के बाद हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। वर्ष 2011 में विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हमले हुए थे। उस समय ममता बनर्जी के साथ शुभेंदु अधिकारी भी थे। इसके बाद 2021 के चुनाव के बाद भी कई जगहों पर हिंसा की शिकायतें सामने आई थीं।

सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में गंदी राजनीति बंद होनी चाहिए। चुनाव के बाद शांति बनाए रखना सत्तापक्ष और विपक्ष—दोनों की जिम्मेदारी है। सभी पार्टियों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कहीं भी हिंसा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता