home page

उम्मीदवार को लेकर माकपा दफ्तर में तोड़फोड़, स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी

 | 
उम्मीदवार को लेकर माकपा दफ्तर में तोड़फोड़, स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी


नदिया, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के कालीगंज में माकपा के पार्टी कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। आरोप है कि यह घटना पार्टी के ही कुछ असंतुष्ट कार्यकर्ताओं द्वारा की गई, जो घोषित उम्मीदवार से नाराज थे।

कालीगंज सीट से पार्टी ने सबीना यासमिन को उम्मीदवार बनाया है। वह उस नौ वर्षीय बच्ची की मां हैं, जिसकी 2025 के उपचुनाव के दौरान बमबारी की घटना में मौत हो गई थी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवार चयन से स्थानीय स्तर पर असंतोष पैदा हो गया, जिसके चलते मंगलवार को कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उम्मीदवार को तत्काल बदला जाए।

सोमवार को वाम मोर्चा अध्यक्ष बिमान बोस ने 192 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। कालीगंज सीट से सबीना यासमिन के नाम की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा था कि कालीगंज में एक शहीद बेटी की मां को उम्मीदवार बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि 2025 में कालीगंज उपचुनाव के नतीजे आने के बाद निकले विजय जुलूस के दौरान हुए बम विस्फोट में एक नौ साल की बच्ची की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही सबीना यासमिन न्याय की मांग को लेकर लगातार सक्रिय रही हैं।

हालांकि, माकपा के जिला समिति सदस्य एसएम सादी ने तोड़फोड़ की घटना से इनकार करते हुए कहा कि ऐसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई है, हालांकि उम्मीदवार को लेकर कुछ नाराजगी जरूर है, जिसे पार्टी स्तर पर सुलझा लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय