साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार माकपा नेता को तीन दिनों की पुलिस हिरासत
बांकुड़ा, 22 नवंबर (हि. स.)। जिले में साइबर ठगी के आरोप में माकपा नेता आलोक मिद्या को गिरफ्तार किया गया है। जयपुर थाना पुलिस ने शनिवार रात उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि उनके बैंक खाते में देश के विभिन्न हिस्सों से साइबर ठगी के कम से कम 252 मामलों की रकम जमा हुई थी। इस खाते से करीब एक करोड़ रुपये या उससे अधिक की राशि का लेनदेन होने की जानकारी सामने आई है। रविवार को उन्हें विष्णुपुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस और स्थानीय निवासियों के अनुसार, आलोक मिद्या बांकुड़ा जिले के जयपुर के निवासी हैं और बालू का कारोबार करते हैं। आरोप है कि उन्होंने एक फर्जी कंपनी के नाम पर सरकारी बैंक में बिजनेस गोल्ड खाता खुलवाया था। इसी खाते में देश के अलग-अलग हिस्सों से साइबर ठगी की रकम जमा की जाती थी।
मामले का खुलासा पिछले सप्ताह उस समय हुआ, जब एक युवक ने अपने बैंक खाते से बड़ी रकम गायब होने की शिकायत जयपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आलोक मिद्या के बैंक खाते का पता चला।
पुलिस के अनुसार, खाते में करीब 252 साइबर ठगी के मामलों से जुड़ी रकम जमा हुई थी। इसकी कुल राशि एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने शनिवार रात आलोक मिद्या को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी उनसे पूछताछ कर पूरे साइबर ठगी गिरोह और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस गिरफ्तारी के बाद जिले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। भाजपा के जयपुर मंडल अध्यक्ष नव चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि आलोक मिद्या ने माकपा और तृणमूल कांग्रेस, दोनों के शासनकाल में लूटपाट की है। उन्होंने दावा किया कि अब ठगी का तरीका बदलकर साइबर अपराध का सहारा लिया जा रहा था।
वहीं, माकपा नेता मानिक राय ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि आलोक मिद्या को राजनीतिक कारणों से फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्पक्ष जांच से वास्तविक तथ्य सामने आ जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

