home page

केशपुर में माकपा की रैली, विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन

 | 
केशपुर में माकपा की रैली, विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन


मेदिनीपुर, 14 जून (हि.स.)। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि, हाकर उच्छेद, प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के निर्णय, कृषि उत्पादों के उचित मूल्य, शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग को लेकर रविवार को कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआईएम) की ओर से पश्चिम बंगाल के केशपुर में विरोध मार्च और सभा का आयोजन किया गया।

पार्टी की ओर से कहा गया कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की असामान्य मूल्य वृद्धि के खिलाफ, पूर्ण पुनर्वास के बिना हाकरों को हटाने पर रोक, घरेलू और कृषि क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के निर्णय को वापस लेने, आलू-धान सहित किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने, सार्वभौमिक शिक्षा एवं सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, सभी बेरोजगारों को रोजगार तथा देश की धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके साथ ही मतदाता सूची से हटे नामों को पुनः शामिल करने और विचाराधीन व्यक्तियों को मतदाता सूची में शामिल करने की मांग भी उठाई गई। रविवार को जमशेद अली भवन से रैली शुरू हुई, जिसने लगभग चार किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों का भ्रमण किया। इसके बाद सेंट्रल बस स्टैंड पर विरोध सभा आयोजित की गई।

सभा को सीपीआईएम के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला सचिव तरुण राय तथा पार्टी की राज्य समिति के सदस्य तापस सिन्हा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों की आलोचना करते हुए आम लोगों के हित में आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया। पार्टी का दावा है कि विरोध मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न मांगों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता