चुनाव 26 : नारायणगढ़ में जर्जर सड़क को लेकर मुखर हुए माकपा प्रत्याशी तापस सिन्हा
नारायणगढ़, 08 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार तेज होने के साथ ही स्थानीय समस्याएं भी राजनीतिक मुद्दा बनने लगी हैं। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ ब्लॉक के 14 नंबर खुर्शी क्षेत्र में बुधवार को प्रचार के दौरान माकपा प्रत्याशी तापस सिन्हा ने इलाके की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधा।
प्रचार के दौरान जब वह शियाड़ा गांव पहुंचे तो वहां की कच्ची और टूटी-फूटी सड़क देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से ग्रामीण इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
तापस सिन्हा ने कहा कि यदि माकपा सत्ता में आती है तो ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि माकपा की सरकार बनने पर गांवों की एक भी सड़क कच्ची नहीं रहने दी जाएगी और बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

