शरदिंदु चक्रवर्ती ने कबूतर उड़ाकर दिया शांति का संदेश
सिलीगुड़ी, 27 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से वाम मोर्चा समर्थित माकपा उम्मीदवार शरदिंदु चक्रवर्ती ने शुक्रवार को शहर में सांप्रदायिक सौहार्द का अनोखा संदेश दिया। सुबह उन्होंने अग्रसेन रोड स्थित राम मंदिर और बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की और दोनों स्थानों से सफेद कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी एक मिनी भारत है, जहां सभी धर्म और भाषाओं के लोग मिलजुल कर रहते है। हम धर्म के विरोधी नहीं है, बल्कि धार्मिक लोगों का हमेशा सम्मान करते है।
नास्तिकता के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव जीतने के लिए वे धर्म का इस्तेमाल नहीं करते। जो लोग धर्म के नाम पर विभाजन करते है, हम उनके खिलाफ है। मंदिर से मस्जिद तक हर जगह जाता हूं। लोगों के साथ खड़ा रहना ही मेरा लक्ष्य है। राम नवमी के मौके पर उन्होंने शहरवासियों से एकजुट रहने की अपील किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

