home page

कोलकाता में फिर बढ़ी कोविड संक्रमण की दस्तक, एक सप्ताह में आठ नए मामले, चिकित्सकों ने सतर्क रहने की दी सलाह

 | 

कोलकाता, 24 जुलाई (हि.स.)। कोलकाता में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण के मामलों में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शहर के विभिन्न अस्पतालों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह के दौरान आठ नए कोविड संक्रमित मरीज सामने आए हैं। बरसात के मौसम में बुखार, सर्दी और खांसी के बढ़ते मामलों के बीच नए संक्रमण ने चिकित्सकों की चिंता बढ़ा दी है।

विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि कोरोना वायरस और कोविड-19 एक ही नहीं हैं। कोरोना वायरस वायरसों का एक व्यापक समूह है, जिसमें सामान्य सर्दी-जुकाम का कारण बनने वाले कई वायरस भी शामिल हैं। ऐसे में अपर रेस्पिरेटरी बायोफायर परीक्षण में कोरोना वायरस की पुष्टि होने का अर्थ यह नहीं है कि मरीज कोविड-19 से संक्रमित है। चिकित्सकों के अनुसार रिपोर्ट की गलत व्याख्या के कारण कई लोग अनावश्यक रूप से घबरा जाते हैं।

डॉक्टरों ने बताया कि कोविड जैसे लक्षण वाले मरीजों तथा अस्पताल में भर्ती रोगियों की जांच के लिए अपर रेस्पिरेटरी बायोफायर परीक्षण कराया जा रहा है। इस आधुनिक जांच प्रणाली से श्वसन तंत्र और फेफड़ों में मौजूद विभिन्न प्रकार के वायरसों की तेजी से और सटीक पहचान की जा सकती है, जिससे समय पर उचित उपचार शुरू करने में मदद मिलती है।

चिकित्सकों के अनुसार संक्रमित मरीजों में मुख्य रूप से खांसी, बुखार और सांस संबंधी लक्षण देखे जा रहे हैं। हालांकि, वर्तमान में सामने आ रहा ओमिक्रॉन स्वरूप पहले की कोविड लहरों की तुलना में अधिक गंभीर नहीं माना जा रहा है।

इसके बावजूद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतें, कोविड जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें और जांच कराएं, ताकि संक्रमण के प्रसार को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर