home page

आसनसोल उत्तर की मतगणना 13 राउंड तथा दुर्गापुर पश्चिम की मतगणना 20 राउंड में होगी

 | 

आसनसोल, 03 मई (हि.स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले में 4 मई को होने वाली मतगणना को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में है। मतगणना की विस्तृत तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 6 सीटों की गिनती में और शेष 3 सीटों की गिनती में की जाएगी।

दोनों मतगणना केंद्रों पर प्रत्येक विधानसभा के लिए दो-दो कक्ष निर्धारित किए गए हैं। इन कक्षों में 18 से 24 टेबल लगाए गए हैं, जहां हर राउंड में 18 से 24 बूथों की गिनती होगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट का परिणाम आने की संभावना है। यहां प्रत्येक राउंड में 24 बूथों की गिनती होगी और कुल 313 बूथों की मतगणना 13 राउंड में पूरी कर ली जाएगी।

अन्य विधानसभा क्षेत्रों में प्रति राउंड 18 बूथों की गिनती की जाएगी। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में रानीगंज विधानसभा सीट की गिनती ब्लॉक ए के प्रथम तल पर दो कमरों में 18 टेबल पर होगी। जमुड़िया विधानसभा की गिनती ब्लॉक ए के दूसरे तल पर दो कमरों में 18 टेबल पर की जाएगी। आसनसोल दक्षिण की गिनती न्यू एकेडमिक बिल्डिंग के प्रथम तल पर दो कमरों में 18 टेबल पर होगी। आसनसोल उत्तर की गिनती इसी भवन के ग्राउंड फ्लोर पर दो कमरों में 24 टेबल पर की जाएगी। कुल्टी विधानसभा की गिनती भी ग्राउंड फ्लोर पर दो कमरों में 18 टेबल पर होगी, जबकि बरबनी विधानसभा की गिनती न्यू एकेडमिक बिल्डिंग के तीसरे तल पर दो कमरों में 18 टेबल पर संपन्न होगी।

दुर्गापुर गवर्नमेंट कॉलेज में पांडेश्वर और दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा सीटों की गिनती प्रथम तल पर की जाएगी, जबकि दुर्गापुर पूर्व विधानसभा सीट की मतगणना ग्राउंड फ्लोर पर होगी। यहां प्रत्येक विधानसभा के लिए 16 टेबल लगाए गए हैं और हर राउंड में 16 बूथों की गिनती होगी।

उल्लेखनीय है कि पांडेश्वर विधानसभा सीट के 251 बूथों की गिनती 16 राउंड में पूरी होगी। दुर्गापुर पूर्व के 304 बूथों की गिनती 19 राउंड में, दुर्गापुर पश्चिम के 315 बूथों की गिनती 20 राउंड में और रानीगंज के 292 बूथों की गिनती 17 राउंड में पूरी की जाएगी। जमुड़िया के 260 बूथों की गिनती 15 राउंड में, आसनसोल दक्षिण के 315 बूथों की गिनती 18 राउंड में तथा आसनसोल उत्तर के 313 बूथों की गिनती 13 राउंड में पूरी होगी। कुल्टी के 275 बूथों की गिनती 16 राउंड में और बरबनी के 263 बूथों की गिनती 15 राउंड में संपन्न होगी।

मतगणना केंद्र के आसपास प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए कैंप लगाने की व्यवस्था भी की गई है।

पूरे जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा