home page

सड़क दुघर्टना में आईएसएफ कार्यकर्ता की मौत, कई घायल

 | 

दक्षिण 24 परगना, 04 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में 77 केंद्रों पर जारी मतगणना के बीच सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना भांगड़ क्षेत्र की है, जहां से आईएसएफ के कार्यकर्ता मतगणना केंद्र की ओर जा रहे थे। खबर लिखे जाने तक मृतक का नाम पता नहीं चल पाया था।

मिली जानकारी के अनुसार, भांगड़ विधानसभा की मतगणना जादवपुर में हो रही है। सोमवार सुबह कई कार्यकर्ता एक मैटाडोर वाहन से वहां जा रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को बिधाननगर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। इस घटना से आईएसएफ कार्यकर्ताओं में शोक और निराशा का माहौल है।

इस बीच, रविवार रात बसंती थाना क्षेत्र के कालीडांगा इलाके में एक अन्य सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नूर आलम लस्कर, साबिर अली नाया और कबीर अली नाया के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार थे और तेज रफ्तार में जा रहे थे, तभी उन्होंने राजू खान नामक एक राहगीर को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक एक पक्की दीवार से जा टकराई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बसंती ब्लॉक ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय