home page

अवैध वसूली आरोप में पार्षद गिरफ्तार, पार्टी कार्यालय से सरकारी सामान बरामद

 | 
अवैध वसूली आरोप में पार्षद गिरफ्तार, पार्टी कार्यालय से सरकारी सामान बरामद


कोलकाता, 11 जून (हि. स.)। राजपुर-सोनारपुर नगर पालिका के चार नंबर वार्ड के पार्षद विभास मुखर्जी उर्फ मनु को कथित तौर पर अवैध वसूली के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार रात गड़िया के रूबी क्षेत्र के पास स्थित एक होटल से उन्हें हिरासत में लिया। इसी मामले में उनके करीबी सहयोगी पापाई को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पापाई के माध्यम से विभिन्न स्थानों से पैसे वसूले जाने की शिकायत मिली थी। दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राजपुर-सोनारपुर नगर पालिका के अब तक तीन पार्षदों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इधर, नगर पालिका के 23 नंबर वार्ड में निर्माणाधीन एक शौचालय और तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय से बड़ी मात्रा में सरकारी और राहत सामग्री बरामद की गई है। बरामद सामान में स्ट्रीट लाइट, तिरपाल, सीमेंट की बोरियां, बाल्टियां और ब्लीचिंग पाउडर शामिल हैं।

23 नंबर वार्ड की पार्षद छंदा घोषाल हैं। इससे पहले उनके पति सौमेन मोहन घोषाल इस वार्ड के पार्षद रह चुके हैं। सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता देवप्रसाद चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि सरकारी सामान अवैध रूप से जमा करके रखा गया था और जरूरत पड़ने पर भी लोगों में वितरित नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया है कि इलाके में लंबे समय से अवैध वसूली का कारोबार चल रहा था। भाजपा कार्यकर्ता निताई मजूमदार का दावा है कि सरकारी परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदारों से कमीशन लिया जाता था और कमीशन नहीं देने पर काम करने में बाधा डाली जाती थी।

हालांकि, इन आरोपों पर पार्षद छंदा घोषाल की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने बरामद सरकारी सामग्री को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता