home page

दिनहाटा में भ्रष्टाचार जांच तेज, उदयन गुहा और उनके करीबी रडार पर

 | 
दिनहाटा में भ्रष्टाचार जांच तेज, उदयन गुहा और उनके करीबी रडार पर


कूचबिहार, 21 जून (हि. स.)। जिले के दिनहाटा में कथित भ्रष्टाचार मामलों को लेकर जांच तेज हो गई है। राज्य की नवगठित भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने तृणमूल नेता उदयन गुहा और उनके सहयोगियों के खिलाफ चल रही जांच में सक्रियता बढ़ा दी है। आवास योजना, शिशुमंगल और उत्तर बंगाल विकास से जुड़े कथित घोटालों की गहन पड़ताल की जा रही है। इसी सिलसिले में आयोग के सदस्य सचिव और उत्तर बंगाल के एडीजी पुलिस कलियप्पन जयरामन रविवार दिनहाटा पहुंचे। उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लंबी बैठक की।

सूत्रों के अनुसार, उदयन गुहा से भी पूछताछ की गई है। जांच के दौरान शिशुमंगल घोटाले में उदयन गुहा के बेटे सायंतन गुहा का नाम सामने आया है। आरोप है कि सायंतन और उनके सहयोगियों ने शिक्षकों और व्यापारियों से जबरन धन वसूली की। कई स्कूलों से इस तरह की शिकायतें मिली है। पीड़ितों की सूची तैयार की जा रही है और गुप्त बयान भी दर्ज किए जा चुके है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो सायंतन गुहा की गिरफ्तारी भी संभव है। इसके अलावा मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिनमें स्थानीय नेता, व्यवसायी और अस्पताल से जुड़े अधिकारी शामिल है। जांच में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की संपत्ति में असामान्य वृद्धि भी सामने आई है। दिनहाटा, सिलीगुड़ी और कोलकाता में करोड़ों की संपत्ति का पता चला है। इन संपत्तियों का स्रोत क्या है और क्या इनका संबंध घोटाले से है, इसकी जांच जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कथित रूप से वसूला गया पैसा किन-किन माध्यमों से और कहां भेजा गया। कुछ मामलों में कोलकाता तक पैसे पहुंचने की आशंका जताई गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और व्यापक तरीके से की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार