home page

कलकत्ता हाईकोर्ट से कूचबिहार के ऐतिहासिक सागरदिघी में छठ पूजा की मिली अनुमति, हरिजन समाज में खुशी की लहर

 | 
कलकत्ता हाईकोर्ट से कूचबिहार के ऐतिहासिक सागरदिघी में छठ पूजा की मिली अनुमति, हरिजन समाज में खुशी की लहर


कूचबिहार, 14 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार स्थित ऐतिहासिक सागरदिघी में छठ पूजा के आयोजन को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस वर्ष भी वहां छठ पूजा आयोजित करने की अनुमति दे दी है। अदालत के इस फैसले के बाद स्थानीय हरिजन समाज और पूजा आयोजकों ने राहत की सांस ली है।

फैसले के बाद शनिवार सुबह विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की ओर से कूचबिहार में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

इस दौरान पूजा आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2024 में भी सागरदिघी में छठ पूजा के आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से आपत्ति जताई गई थी। उस समय भी अदालत के हस्तक्षेप के बाद पूजा संपन्न हुई थी और बीते दो वर्षों से आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था।

हालांकि, इस वर्ष एक बार फिर प्रशासनिक अनुमति को लेकर जटिलताएं पैदा हो गई थी। समस्या के समाधान के लिए आयोजकों ने पहले जिलाधिकारी कार्यालय और फिर कूचबिहार दक्षिण के विधायक व विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बसु से संपर्क किया था। लेकिन वहां से कोई ठोस समाधान न निकलने पर आयोजकों को मजबूरन एक बार फिर कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जहां से उन्हें पूजा की मंजूरी मिल गई।

प्रेस वार्ता के दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला नेतृत्व ने आरोप लगाया कि कथित 'सेक्युलर मानसिकता' के कारण हरिजन समाज को बार-बार अपने धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

बहरहाल, आयोजकों और समाज के प्रतिनिधियों ने हाईकोर्ट के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे न्याय की जीत बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार